राजस्थान में प्री-मानसून सक्रिय, जयपुर सहित 15 जिलों में बारिश होने की संभावना
हल्की बूंदा-बांदी ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी
जयपुर। राजस्थान में प्री-मानसून सक्रिय, जयपुर समेत 15 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट राजस्थान में प्री-मानसून की गतिविधियां तेज हो गई हैं। सोमवार सुबह श्रीगंगानगर में अचानक मौसम ने करवट ली। घने बादलों के बीच 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी चली, जिससे दिन में अंधेरा छा गया। इसके साथ हल्की बूंदाबांदी ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले तीन दिनों तक प्री-मानसून का असर बना रहने की संभावना है।
सोमवार को जयपुर सहित 15 जिलों में तेज आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी जयपुर में भी आसमान में बादल छाने, तेज हवाएं चलने और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और सक्रिय प्री-मानसून सिस्टम के प्रभाव से मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। इससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी, हालांकि तेज हवाओं और धूलभरी आंधी के कारण सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Comment List