राजस्थान के बजट 2027-28 की तैयारी शुरू, 21 अक्टूबर से विभागवार बैठकों का दौर
वित्त विभाग ने जारी किया बीएफसी बैठकों का कार्यक्रम
जयपुर। राजस्थान में आगामी वित्तीय वर्ष 2027-28 के बजट की तैयारियां शुरू हो गई हैं। वित्त विभाग ने बजट अनुमान 2027-28 और संशोधित अनुमान 2026-27 को अंतिम रूप देने के लिए विभागवार बजट नियंत्रण समिति (बीएफसी) बैठकों का कार्यक्रम जारी कर दिया है। बैठकों का पहला चरण 21 अक्टूबर से शुरू होकर 18 नवंबर तक चलेगा। इसमें विभिन्न विभागों के बजट प्रस्तावों, मौजूदा वित्तीय स्थिति और आगामी जरूरतों पर चर्चा होगी। वित्त विभाग के निर्देशों के अनुसार, विभागों को नई योजनाओं के प्रस्तावों के साथ प्रतिबद्ध देनदारियों का आकलन करना होगा।
चालू वित्तीय वर्ष में स्वीकृत बजट के मुकाबले वास्तविक खर्च, लंबित बिल और आगामी वर्ष की आवश्यकताओं का पूरा ब्योरा देना अनिवार्य होगा। बजट प्रस्तावों के साथ ठोस औचित्य और बजट टिप्पणी भी प्रस्तुत करनी होगी। विभागों को निर्धारित बैठक से कम से कम सात दिन पहले एकीकृत वित्तीय प्रबंधन प्रणाली (आईएफएमएस) पर ऑनलाइन प्रस्ताव भेजने होंगे। साथ ही खर्च के मदवार विवरण, पिछली बीएफसी बैठकों के निर्णयों की अनुपालना और प्रशासनिक रिपोर्ट की हार्ड कॉपी भी जमा करानी होगी। बजट तैयारियों में नियुक्तियों, कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति और रिक्त पदों की स्थिति का आकलन भी शामिल किया गया है। इसके अलावा हरित, महिला, बाल और युवा बजट से संबंधित प्रावधानों को भी निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप तैयार किया जाएगा।

Comment List