प्रो. मीता माथुर बनीं राजस्थान विश्वविद्यालय की अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष, संघर्ष के बाद योग्यता को मिला सम्मान
कार्रवाई से जुड़े प्रकरणों पर राहत मिली
जयपुर। राजस्थान विश्वविद्यालय के अर्थशास्त्र विभाग में प्रोफेसर मीता माथुर को विभागाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति को विश्वविद्यालय में योग्यता और कार्यक्षमता को प्राथमिकता देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। प्रो. मीता माथुर को पूर्व कुलपति के कार्यकाल में कई तरह की प्रशासनिक परेशानियों का सामना करना पड़ा। उनके खिलाफ विभिन्न स्तरों पर कार्रवाई की कोशिशें हुईं। कई बार वेतन रोकने और निलंबन की धमकी दिए जाने जैसे मामले भी सामने आए। इन घटनाओं को लेकर उनकी एक विस्तृत फाइल भी तैयार हुई थी। मामले लोकभवन तक पहुंचे, जहां उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों और कार्रवाई से जुड़े प्रकरणों पर राहत मिली और उन्हें दोषमुक्त किया गया।
विश्वविद्यालय के शिक्षकों और कर्मचारियों के बीच प्रो. मीता माथुर के मामले को पूर्व कुलपति के कार्यकाल में प्रशासनिक विवादों के उदाहरण के तौर पर देखा जाता रहा है। तमाम परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने अपनी शैक्षणिक योग्यता और कार्यक्षमता के दम पर पहचान बनाए रखी। वहीं, नए कुलपति प्रो. बीपी सारस्वत के कार्यकाल में विश्वविद्यालय के शिक्षकों के मनोबल को बढ़ाने और योग्यता एवं कार्य को प्राथमिकता देने के प्रयासों को सकारात्मक रूप में देखा जा रहा है। प्रो. मीता माथुर को अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष की जिम्मेदारी दिया जाना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय माना जा रहा है।

Comment List