त्योहारी सीजन में वन-वे का विरोध : जयपुर के परकोटे में सड़कों पर उतरे 400 से अधिक व्यापारी, बाजार बंद
सड़कों पर उतरकर जमकर नारेबाजी की
जयपुर। दीपावली के त्योहारी सीजन के बीच परकोटा क्षेत्र में ट्रैफिक पुलिस द्वारा लागू किए गए नए वन-वे सिस्टम के विरोध में शनिवार को व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी चौपड़ से लेकर सुभाष चौक तक के 400 से अधिक व्यापारियों ने अपनी दुकानें पूरी तरह बंद रखीं और पुलिस प्रशासन की इस व्यवस्था के खिलाफ सड़कों पर उतरकर जमकर नारेबाजी की।
जयपुर व्यापार महासंघ के अध्यक्ष सुभाष गोयल ने ट्रैफिक पुलिस की इस कार्रवाई को 'हठधर्मिता' करार दिया है। उन्होंने कहा कि साल के सबसे बड़े बिजनेस सीजन के दौरान इस तरह के अव्यावहारिक ट्रैफिक डायवर्जन से न केवल स्थानीय कारोबारियों का धंधा चौपट हो रहा है, बल्कि जयपुर आने वाले देसी-विदेशी पर्यटकों और आम राहगीरों को भी भारी मानसिक व शारीरिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
व्यापारियों का कहना है कि फेस्टिव सीजन में जब बाजारों में पैर रखने की जगह नहीं होती, ऐसे समय में बिना किसी पूर्व योजना और व्यापारियों को विश्वास में लिए वन-वे लागू करना पूरी तरह गलत है। महासंघ ने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस प्रशासन ने इस मनमाने फैसले को तुरंत वापस नहीं लिया, तो परकोटे के अन्य बाजारों को भी बंद कर आंदोलन को और तेज किया जाएगा। समाचार लिखे जाने तक पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा व्यापारियों से समझाइश का प्रयास जारी था।
जयपुर व्यापार महासंघ के महामंत्री सुरेश सैनी ने बताया कि शिष्ट मंडल से डी सी पी प्रवीण नायक नुनावत से बातचीत हो गई है। वन वे ट्रैफिक पुलिस की ओर से यातायात की अनियंत्रित स्थिति होने पर ही किया जाएगा। दुकानदारों को व्यापार महासंघ के साथ गार्ड तैनात करने होंगे। पार्किंग में ही वाहन पार्क होंगे। महासंघ और ट्रैफिक पुलिस में सकारत्मक वार्ता हो गई है। थोड़ी देर में सभी प्रतिष्ठान खुल जाएंगे।

Comment List