गलवा बांध फीडर निर्माण परियोजना को लेकर 2 जुलाई को होगी जनसुनवाई
निर्धारित समय पर उपस्थित होकर अपनी बात रखने की अपील
जयपुर। रामगढ़ एवं महलपुर रोज़ा तथा सचेरा-गलवा-बीरालपुर-ईसरदा लिंक परियोजना के तहत गलवा पम्प हाउस से गलवा बांध से बीरालपुर बांध तक फीडर निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया को लेकर 2 जुलाई 2026 को जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। यह जनसुनवाई भूमि अर्जन, पुनर्वासन एवं पुनर्व्यवस्थापन में उचित प्रतिकर और पारदर्शिता का अधिकार अधिनियम-2013 के तहत आयोजित की जा रही है। उपखंड अधिकारी एवं सक्षम प्राधिकारी भूमि अवाप्ति, नैनवां द्वारा जारी लोक सूचना के अनुसार परियोजना के लिए निजी भूमि अधिग्रहण प्रस्तावित है। प्रभावित किसानों एवं हितधारकों से सुझाव और आपत्तियां सुनने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर बैठकें आयोजित होंगी।
जनसुनवाई का पहला सत्र 2 जुलाई को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक ग्राम पंचायत सुवानिया भवन में आयोजित होगा, जिसमें पांडोला, धानुगांव और सुंघोली गांवों के प्रभावित लोग भाग लेंगे। वहीं दूसरा सत्र उसी दिन दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक ग्राम पंचायत भवन गंभीरा में आयोजित किया जाएगा, जिसमें भैंरूपुरा गांव के प्रभावित व्यक्तियों की सुनवाई होगी। प्रशासन ने संबंधित किसानों, भू-स्वामियों और हितधारकों से निर्धारित समय पर उपस्थित होकर अपनी बात रखने की अपील की है।

Comment List