रेल निकुंज पॉलीक्लिनिक का शुभारंभ, 1500 रेलवे परिवारों को घर के पास मिलेंगी समग्र स्वास्थ्य सेवाएँ
आयुर्वेद ओपीडी के साथ दवाइयों की सुविधा उपलब्ध
जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के रेलवे लाभार्थियों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं का दायरा और मजबूत हो गया है। उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ तथा उत्तर पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा डॉ. अंजू ने जगतपुरा स्थित रेल निकुंज परिसर में नवनिर्मित रेल निकुंज पॉलीक्लिनिक का उद्घाटन किया। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि पॉलीक्लिनिक की स्थापना रेलवे कर्मचारियों, पेंशनर्स और उनके आश्रितों को एक ही स्थान पर व्यापक एवं समग्र स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई है। इस अवसर पर महाप्रबंधक अमिताभ ने कहा कि कर्मचारियों और सेवानिवृत्त रेलकर्मियों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराना उत्तर पश्चिम रेलवे की प्राथमिकताओं में शामिल है।
इस पॉलीक्लिनिक में एलोपैथी, होम्योपैथी और आयुर्वेद ओपीडी के साथ दवाइयों की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा डे-केयर सेंटर, क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट, फिजियोथेरेपिस्ट, डेंटल सेवाएँ, ब्लड टेस्ट तथा उपचार संबंधी अन्य सुविधाएँ भी एक ही परिसर में मिलेंगी। इस केंद्र से उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय के कार्यरत एवं सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों के साथ जगतपुरा और खातीपुरा रेलवे स्टेशनों से जुड़े करीब 1500 रेलवे परिवारों को लाभ मिलेगा। आवासीय क्षेत्र के निकट स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध होने से लाभार्थियों का समय बचेगा और बेहतर चिकित्सा सुविधाओं तक उनकी पहुँच भी आसान होगी। उद्घाटन समारोह में रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्सक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Comment List