राजस्थान एयरोस्पेस एण्ड डिफेंस पॉलिसी-2026 : देश की सामरिक आत्मनिर्भरता में राजस्थान निभाएगा अहम भूमिका, प्रदेश में बनेंगे विमान, हेलीकॉप्टर, रडार, ड्रोन, मिसाइल और एवियोनिक्स
मेक इन इंडिया को मजबूती मिलेगी
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की राजस्थान एयरोस्पेस और डिफेंस पॉलिसी-2026 से राज्य में विमान, ड्रोन, मिसाइल सहित रक्षा उपकरणों का निर्माण। निवेश आकर्षित करने हेतु प्रोत्साहन, प्लग-एंड-प्ले इंफ्रास्ट्रक्चर और कौशल विकास प्रावधान किए। नीति का लक्ष्य वैश्विक प्रतिस्पर्धी इकोसिस्टम बनाकर मेक इन इंडिया को मजबूती देना है।
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा लॉन्च की गई राजस्थान एयरोस्पेस और डिफेंस पॉलिसी-2026 से राज्य देश की सामरिक आत्मनिर्भरता में अहम भूमिका निभाने जा रहा है। इस नीति के अंतर्गत राज्य में विमान, हेलीकॉप्टर, ड्रोन, मिसाइल, एवियोनिक्स, सैटेलाइट बसें, बख्तरबंद वाहन, रडार, नेविगेशन, संचार और नियंत्रण प्रणालियां, रोबोटिक्स और डिफेंस इलेक्ट्रॉनिक्स का निर्माण होगा। इससे मेक इन इंडिया को मजबूती मिलेगी।
निवेशको को आकर्षित करने के लिए नीति में वित्तीय एवं गैर-वित्तीय प्रोत्साहन और प्लग-एंड-प्ले इंफ्रास्ट्रक्चर, कौशल विकास सहयोग तथा त्वरित सेवाओं के प्रावधान भी किए गए हैं। राजस्थान एयरोस्पेस और डिफेंस पॉलिसी-2026 का प्रमुख उद्देश्य एयरोस्पेस और डिफेंस वैल्यू चेन में मैन्युफैक्चरिंग, रिसर्च, टेस्टिंग और सर्विसेज को प्रोत्साहन देते हुए वैश्विक प्रतिस्पर्धी इकोसिस्टम तैयार करना है। यह नीति ओरिजिनल इक्विपमेंट मैन्युफैक्चर्स (ओइएम), सिस्टम इंटीग्रेटर्स, एमएसएमई, स्टार्टअप्स और स्किलिंग इंस्टीट्यूशन्स को एयरोस्पेस एवं डिफेंस वैल्यू चेन में प्रोत्साहित करती है।

Comment List