राजस्थान विधानसभा को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी : ठीक दोपहर एक बजे होगा आत्मघाती धमाका, सभी मुसलमानों को निकाले बाहर
अफसरों में मचा हड़कंप, विधानसभा परिसर को कराया खाली
विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिलने से हड़कंप मच गया। दोपहर 1 बजे आत्मघाती हमले का दावा किया गया, साथ ही भड़काऊ बातें भी लिखी गईं। सूचना मिलते ही परिसर खाली कराया गया। बम निरोधक दस्ते की जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, फिलहाल मामला झूठी धमकी माना जा रहा है।
जयपुर। राजस्थान विधानसभा को शुक्रवार को एक बार फिर से बम से उड़ाने की धमकी मिली है। विधानसभा को भेजे गए ई-मेल में कहा गया है कि ठीक दोपहर एक बजे आत्मघाती धमाका होगा। इससे पहले सभी मुसलमानों को सुरक्षित बाहर निकालें। विधानसभा की अधिकृत मेल पर सुबह 8:16 बजे आए मेल में लिखा गया है कि दिल्ली विधानसभा में पहले ही 4 साइनाइड गैस बम लगा दिए गए है। चेन्नई से एलटीटीई और पाकिस्तान की आईएसआई द्वारा प्रशिक्षित 2 स्वयंसेवकों को जयपुर लाया गया है। वह अपने साड़ियों या कमीजों के नीचे इलेक्ट्रॉनिक वेस्ट (जैकेट) पहने होंगे, जब वे विधानसभा में रखे गए उन 4 बमों के बिल्कुल करीब पहुंचेंगे, तो उनमें लगा जीपीएस अपने आप एक्टिव हो जाएगा और धमाका हो जाएगा। उन्हें बम सक्रिय करने की आवश्यकता भी नहीं पड़ेगी।
मेल में यह भी लिखा है कि यदि किसी कारण से धमाका होने से पहले ही बमों को निष्क्रिय कर दिया जाता है, तो वे दोनों व्यक्ति बेल्ट बम पहने होंगे, ठीक वैसा ही जैसा राजीव गांधी की हत्या में इस्तेमाल किया गया था। इस बार उस बेल्ट में डेढ़ किलोग्राम सिलिकॉन भरा हुआ है। इसलिए वह विधानसभा भवन के पास आकर स्वयं को उड़ा लेंगे। हम इस पवित्र शुक्रवार के दिन अपने मुसलमान भाईयों को कोई नुकसान नहीं पहुंचाना चाहते। कृपया उन्हें वहां से बाहर निकाल लें। मेल में यह भी लिखा है कि 4 मई के बाद सभी ब्राह्मणों के पवित्र जनेऊ काट दिए जाएंगे। हालांकि dainiknavajyoti.com इस मेल की पुष्टि नहीं करता है।
विधानसभा के मार्शल विक्रम सिंह शेखावत ने बताया कि इस तरह के ई मेल की जानकारी मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। विधानसभा परिसर को खाली करवाया गया। बम निरोधम दस्ते ने गहन छानबीन की, लेकिन कोई भी इस तरह की आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली।

Comment List