राजस्थान विधानसभा को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी : परिसार को कराया खाली, हाई अलर्ट मोड में सुरक्षा एजेंसियां
धमकी की सूचना पर सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सतर्क
विधानसभा को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। धमकी भरे ईमेल के बाद परिसर को तुरंत खाली कराया गया और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। यह तीसरी ऐसी धमकी है। पूरे इलाके में कड़ी घेराबंदी है और जांच एजेंसियां ईमेल के स्रोत की पड़ताल में जुटी हैं। हाई अलर्ट जारी है।
जयपुर। राजस्थान विधानसभा को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप हो गया। विधानसभा प्रशासन को एक संदिग्ध ईमेल प्राप्त हुआ, जिसमें भवन को निशाना बनाने की बात कही गई है। यह तीसरी बार है, जब इस तरह की धमकी सामने आई है, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं। एहतियातन पूरे विधानसभा परिसर को खाली करा लिया गया और किसी भी कर्मचारी या आगंतुक के प्रवेश पर तत्काल रोक लगा दी गई।
परिसर के भीतर मौजूद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। सुरक्षा के मद्देनजर विधानसभा भवन और आसपास के क्षेत्र में कड़ी घेराबंदी कर दी गई है। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड द्वारा पूरे परिसर की सघन जांच की जा रही है। हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके। वहीं, तकनीकी विशेषज्ञों की टीम धमकी भरे ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी हुई है। सुरक्षा एजेंसियां इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी पहलुओं पर जांच कर रही हैं। फिलहाल पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Comment List