राजस्थान सरकार का बड़ा फैसला: सरकारी स्कूलों के लिए 12,500 करोड़ का रोडमैप तैयार, हजारों नए भवन और कक्षाएं बनेंगी
स्कूल इंफ्रास्ट्रक्चर का होगा कायाकल्प
जयपुर। सरकारी स्कूलों की बदहाल इमारतों और बुनियादी सुविधाओं को लेकर उठे सवालों के बीच राजस्थान सरकार ने शिक्षा ढांचे को मजबूत करने के लिए बड़ा प्लान तैयार किया है। अगले तीन साल में स्कूलों के विकास पर करीब 12,500 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। प्रस्तावित योजना में 3,587 नए स्कूल भवन बनाने पर 2,487.7 करोड़ रुपए खर्च होंगे। वहीं 83,783 नए क्लासरूम के निर्माण के लिए 8,378.3 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।
इसके अलावा 22,589 स्कूलों की मरम्मत पर 1,129.5 करोड़ और 13,616 टॉयलेट कॉम्प्लेक्स बनाने पर 340.4 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। सरकार के मुताबिक, योजना के तहत 3,000 करोड़ रुपए से अधिक की राशि पहले ही स्वीकृत की जा चुकी है। इसी क्रम में जयपुर के सांगानेर क्षेत्र स्थित रामपुरा (कंवरपुरा) राजकीय प्राथमिक विद्यालय का नया भवन 1 सितंबर से बनाया जाएगा। इसके लिए 18 लाख रुपए मंजूर हुए हैं।

Comment List