ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा राजस्थान, डिस्कॉम्स की वित्तीय स्थिति होगी और मजबूत
नवीकरणीय ऊर्जा के बेहतर उपयोग में मदद
जयपुर। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने सोमवार को ऊर्जा विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में राज्य के डिस्कॉम्स के ऋण पुनर्गठन, बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (बीईएसएस), ग्रीन एनर्जी कॉरिडोर फेज-II तथा पीएम सूर्य घर योजना की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि राजस्थान ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और वित्तीय सुधारों के साथ वितरण कंपनियों की स्थिति लगातार मजबूत हो रही है। मुख्य सचिव ने कहा कि बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम राज्य के लिए महत्वपूर्ण निवेश है।
इससे पीक आवर्स के दौरान महंगी बिजली की खरीद पर निर्भरता घटेगी, ग्रिड की स्थिरता बढ़ेगी और नवीकरणीय ऊर्जा के बेहतर उपयोग में मदद मिलेगी। अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में बीईएसएस परियोजनाओं को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए। बैठक में ग्रीन एनर्जी कॉरिडोर फेज-II की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने कहा कि राज्य में तेजी से बढ़ रही सौर एवं पवन ऊर्जा क्षमता को देखते हुए ट्रांसमिशन अवसंरचना का समयबद्ध विस्तार अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने संबंधित एजेंसियों को परियोजनाओं में समन्वय बनाकर कार्य करने को कहा।

Comment List