राजस्थान रोडवेज को मिली 144 नई ब्लू लाइन एक्सप्रेस बसें, मुख्यमंत्री ने दिखाई हरी झंडी
22 डिपो को मिली आधुनिक बीएस-6 बसों की सौगात
जयपुर। राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (रोडवेज) के बेड़े में रविवार को 144 नई ब्लू लाइन एक्सप्रेस बसें शामिल हो गईं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अजमेर रोड स्थित हीरापुरा बस टर्मिनल से पूजा-अर्चना के बाद इन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, सांसद मंजू शर्मा, रोडवेज चेयरमैन भवानी सिंह देथा, प्रबंध निदेशक पुरुषोत्तम शर्मा सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए हेलमेट भी वितरित किए गए।
रोडवेज प्रशासन ने नई बसों का आवंटन प्रदेश के 22 डिपो को किया है। इन बसों के संचालन से विभिन्न जिलों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी तथा यात्रियों को कम किराए में आधुनिक, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा की सुविधा मिलेगी। नई ब्लू लाइन एक्सप्रेस बसें नवीनतम बीएस-6 उत्सर्जन मानकों के अनुरूप तैयार की गई हैं। इनमें मोबाइल चार्जिंग पॉइंट, एलईडी गंतव्य डिस्प्ले बोर्ड, इलेक्ट्रॉनिक कंट्रोल यूनिट (ईसीयू), व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग सिस्टम (वीएलटीडी), सीसीटीवी कैमरे और महिलाओं की सुरक्षा के लिए पैनिक बटन जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। बसों में 3×2 सीटिंग व्यवस्था यात्रियों को अधिक आरामदायक सफर का अनुभव देगी।
रोडवेज मुख्यालय में इन बसों की निगरानी के लिए वीएलटीडी और सीसीटीवी का अत्याधुनिक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। वहीं, वैशाली नगर डिपो की 80 बसों में यात्रियों के मनोरंजन के लिए टीवी लगाए गए हैं। इसके एवज में संबंधित कंपनी रोडवेज को प्रतिमाह 2,300 रुपये प्रति बस का भुगतान करेगी। नई बसों के शामिल होने से रोडवेज सेवाओं की गुणवत्ता, सुरक्षा और विश्वसनीयता में उल्लेखनीय सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

Comment List