राजस्थान रोडवेज को मिली बड़ी सौगात, बेड़े में शामिल होंगी 300 नई इलेक्ट्रिक बसें
आरामदायक और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव
जयपुर। राजस्थान रोडवेज यात्रियों को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रहा है। रोडवेज प्रशासन इस वर्ष दिसंबर तक अनुबंध के आधार पर 300 नई इलेक्ट्रिक (ईवी) बसें अपने बेड़े में शामिल करेगा। इनमें एक अनुबंधकर्ता से 54 तथा दूसरे से 246 बसें प्राप्त होंगी। रोडवेज प्रशासन बस संचालकों को 34.41 रुपये प्रति किलोमीटर की दर से भुगतान करेगा। इसके अलावा चार्जिंग के लिए उपयोग होने वाली बिजली का भुगतान भी कंपनी को 12 रुपये प्रति यूनिट की दर से किया जाएगा।
सभी बसें 53 सीटों की क्षमता वाली, 13.5 मीटर लंबी तथा पूर्णतः वातानुकूलित (एसी) होंगी, जिससे यात्रियों को अधिक आरामदायक और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिलेगा। ईवी बसों के संचालन को ध्यान में रखते हुए रोडवेज प्रशासन प्रदेश के 16 प्रमुख लोकेशनों पर चार्जिंग प्वाइंट विकसित कर रहा है। चार्जिंग अवसंरचना तैयार होने के बाद बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार यदि सभी तैयारियां तय समय पर पूरी हो जाती हैं तो दिसंबर तक बसों की आपूर्ति शुरू हो जाएगी और इसी वर्ष प्रदेश के विभिन्न मार्गों पर इन नई इलेक्ट्रिक बसों का संचालन भी शुरू होने की संभावना है।

Comment List