पीएम-कुसुम योजना में राजस्थान ने छुआ 4 हजार मेगावाट का आंकड़ा, 2.62 लाख किसानों को दिन में बिजली
ऊर्जा क्रांति: सौर ऊर्जा में राजस्थान का नया कीर्तिमान
पीएम-कुसुम योजना के तहत राजस्थान ने 4,000 मेगावाट सौर क्षमता हासिल कर ली है। अब तक 1,808 संयंत्रों से 2.62 लाख किसानों को दिन में सस्ती बिजली मिल रही है। राज्य सरकार ने 2026-27 तक 10.7 गीगावाट का लक्ष्य रखा है, जिससे खेती और सिंचाई के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव आएगा।
जयपुर। पीएम-कुसुम योजना के तहत राजस्थान ने सौर ऊर्जा क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए स्थापित क्षमता को 4 हजार मेगावाट तक पहुंचा दिया है। प्रदेश में पहले जहां मात्र 122 मेगावाट क्षमता के 92 संयंत्र स्थापित थे, वहीं अब गांव-ढाणी तक 4 हजार मेगावाट क्षमता के 1808 सौर संयंत्र लगाए जा चुके हैं। इन संयंत्रों से करीब 2.62 लाख किसानों को कृषि कार्य के लिए दिन में बिजली मिल रही है, जिससे सिंचाई कार्य आसान हुआ है और बिजली वितरण निगमों को सस्ती ऊर्जा उपलब्ध हो रही है। केन्द्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय द्वारा राजस्थान को 10.7 गीगावाट की परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं, जिन्हें वित्तीय वर्ष 2026-27 तक पूरा करने का लक्ष्य है। राज्य सरकार ने अक्टूबर 2026 तक शेष 6,700 मेगावाट क्षमता जोड़ने का लक्ष्य तय किया है, जिससे सौर ऊर्जा उत्पादन में और तेजी आने की उम्मीद है।

Comment List