पोखरण में स्वदेशी एंटी-ड्रोन सिस्टम 'भार्गवास्त्र' के विकास परीक्षण सफल, भारत की रक्षा क्षमता को मिलेगी मजबूती
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा- स्वदेशी तकनीक और आत्मनिर्भरता से सशक्त हो रही देश की रक्षा शक्ति
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पोखरण में स्वदेशी एंटी-ड्रोन सिस्टम 'भार्गवास्त्र' के विकास परीक्षण सफलतापूर्वक पूरे होने पर प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि स्वदेशी तकनीक और आत्मनिर्भरता के दम पर भारत की रक्षा शक्ति लगातार मजबूत हो रही है। यह सफलता देश की बढ़ती तकनीकी क्षमता और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दो-स्तरीय काउंटर-स्वार्म ड्रोन सिस्टम 'भार्गवास्त्र' दुश्मन के ड्रोन हमलों से निपटने में भारतीय रक्षा बलों की क्षमताओं को नई मजबूती प्रदान करेगा। आधुनिक युद्ध के बदलते स्वरूप में ड्रोन तकनीक एक बड़ी चुनौती बनकर उभरी है। ऐसे में स्वदेशी एंटी-ड्रोन प्रणाली का सफल परीक्षण देश की सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि राजस्थान की धरती पोखरण पर मिली यह उपलब्धि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में उल्लेखनीय कदम है। यह भारतीय वैज्ञानिकों, रक्षा विशेषज्ञों और तकनीकी क्षेत्र से जुड़े लोगों की मेहनत, प्रतिभा और नवाचार का परिणाम है। मुख्यमंत्री ने इसे देश की स्वदेशी रक्षा तकनीकी क्षमता और सामरिक मजबूती का प्रतीक बताया।

Comment List