राजस्थान बनेगा वैश्विक कानूनी विमर्श का केंद्र, जयपुर में तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय शांति मध्यस्थता सम्मेलन 31 जुलाई से होगा शुरू
वैश्विक आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई
जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर, आगामी 31 जुलाई से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कानून और शांति मध्यस्थता पर होने वाले एक बड़े वैश्विक विमर्श का केंद्र बनने जा रही है। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जयपुर में तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय शांति मध्यस्थता सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है, जो 31 जुलाई से शुरू होकर 2 अगस्त तक चलेगा। इस वृहद सम्मेलन का मुख्य विषय 'Peace Mediation and the Rule of Law' यानी शांति मध्यस्थता और कानून का शासन रखा गया है।
राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्य सचिव हरिओम शर्मा अत्री ने इस संबंध में आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि इस वैश्विक आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।इस महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय समागम का भव्य उद्घाटन भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत द्वारा किया जाएगा। वहीं इस कार्यक्रम में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। उद्घाटन सत्र में देश और दुनिया के कई अन्य वरिष्ठ न्यायिक अधिकारी और कानूनविद् भी मौजूद रहेंगे। सदस्य सचिव ने बताया कि इस तीन दिवसीय सम्मेलन में कॉमनवेल्थ यानी राष्ट्रमंडल के करीब 52 देशों के प्रतिनिधि और कानून विशेषज्ञ हिस्सा लेने जयपुर आ रहे हैं।
सम्मेलन के दौरान विभिन्न सत्रों में वैश्विक स्तर पर विवादों के शांतिपूर्ण समाधान, मध्यस्थता की भूमिका और कानून के शासन को मजबूत करने जैसे गंभीर विषयों पर गहन मंथन किया जाएगा।

Comment List