राजस्थान की हवा बनी जहर : तोड़ा रिकॉर्ड, जयपुर भी प्रदूषण की चपेट में
कई शहरों में हवा बेहद खराब
जयपुर। प्रदेश में सर्दी की दस्तक के साथ ही हवा की गुणवत्ता लगातार खराब हो रही है। सोमवार शाम चार बजे जारी एक्यूआई रिपोर्ट के मुताबिक राजस्थान के कई शहरों की हवा "बेहद खराब" श्रेणी में पहुंच गई। सबसे ज़्यादा प्रदूषण खैरथल में दर्ज हुआ, जहां एक्यूआई 362 रहा। इसके बाद श्रीगंगानगर में 350, भिवाड़ी के रीको औद्योगिक क्षेत्र में 331 और जोधपुर के कलेक्टरेट क्षेत्र में 320 दर्ज किया गया। अलवर की स्थिति भी चिंताजनक रही। राजधानी जयपुर का औसत एक्यूआई 227 रहा, जो खराब श्रेणी में आता है। शहर में मानसरोवर 279 के साथ सबसे प्रदूषित रहा। जोधपुर का औसत 255 और कोटा का 258 रहा। उदयपुर में 252, बीकानेर में 295, पाली में 264, चूरू और हनुमानगढ़ में 274-274 एक्यूआई दर्ज किया गया।
भरतपुर 237, झुंझुनूं 251, चित्तौड़गढ़ 249, अजमेर 231 और सिरोही 231 भी खराब श्रेणी में रहे। राहत की बात यह रही कि दौसा 124, बाड़मेर 132, प्रतापगढ़ 141, भीलवाड़ा 147, बारां 160 और डीग 162में हवा "मध्यम" श्रेणी में रही। हालांकि प्रदेश के 50 में से अधिकांश स्टेशनों पर हवा सांस के मरीजों और बच्चों के लिए नुकसानदायक बनी हुई है।

Comment List