ब्रुसेल्स में गूंजा राजस्थान का विकास मॉडल, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने वैश्विक मंच पर रखीं उपलब्धियां
राज्य की प्रमुख उपलब्धियों के रूप में प्रस्तुत
जयपुर। राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने बेल्जियम की राजधानी ब्रुसेल्स में आयोजित इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ एडमिनिस्ट्रेटिव साइंसेज (IIAS) के सम्मेलन में भारत और राजस्थान के प्रशासनिक सुधारों तथा सुशासन के मॉडल को वैश्विक पहचान दिलाई। अपने संबोधन में उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, स्मार्ट पुलिसिंग, डिजिटल प्रशासन और औद्योगिक विकास के क्षेत्रों में राजस्थान की उल्लेखनीय उपलब्धियों को दुनिया के सामने रखा। मुख्य सचिव ने बताया कि राज्य में शिक्षा के क्षेत्र में 14 हजार आईसीटी लैब, 13 हजार स्मार्ट क्लासरूम तथा 4 हजार से अधिक विद्यालयों में व्यावसायिक शिक्षा कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, जिससे विद्यार्थियों को आधुनिक और रोजगारोन्मुख शिक्षा उपलब्ध हो रही है।
स्वास्थ्य क्षेत्र की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि राजस्थान में 9474 आयुष्मान आरोग्य मंदिर, 49 मेडिकल कॉलेज, 160 फर्स्ट रेफरल यूनिट (एफआरयू) तथा 101 ट्रॉमा सेंटर स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसके साथ ही डिजिटल हेल्थ, टेलीमेडिसिन और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित निदान सेवाओं को भी राज्य की प्रमुख उपलब्धियों के रूप में प्रस्तुत किया गया। महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उन्होंने राजीविका मिशन के तहत संचालित लखपति दीदी, सोलर दीदी और स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने वाली योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन पहलों से ग्रामीण महिलाओं की आय और आत्मनिर्भरता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

Comment List