राजस्थान के रिकॉर्ड विद्युत उत्पादन को वैश्विक पहचान, ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर सम्मानित
मल्टीनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स इंडिया की ओर से वैश्विक सम्मान पत्र प्रदान किया
जयपुर। राजस्थान राज्य विद्युत उत्पादन निगम के हासिल किए गए ऐतिहासिक विद्युत उत्पादन रिकॉर्ड को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता मिली है। प्रदेश के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर को मल्टीनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स इंडिया की ओर से वैश्विक सम्मान पत्र प्रदान किया गया। यह सम्मान राजस्थान में रिकॉर्ड स्तर पर विद्युत उत्पादन की उपलब्धि के लिए दिया गया।
उत्पादन निगम की 7580 मेगावाट क्षमता वाली 23 कोयला आधारित इकाइयों ने दो जून को 7,171 मेगावाट विद्युत उत्पादन कर निगम के गठन के बाद से अब तक का सर्वोच्च उत्पादन दर्ज किया था। यह उपलब्धि 94.60 प्रतिशत यूटिलाइजेशन के साथ हासिल की गई, जिसे राज्य स्तर पर रिकॉर्ड श्रेणी में दर्ज किया गया है। नागर ने इस सफलता का श्रेय मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मार्गदर्शन, ऊर्जा विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों को दिया। उन्होंने बताया कि बेहतर रखरखाव, तकनीकी खामियों के निराकरण और कुशल संचालन के कारण यह उपलब्धि संभव हो सकी। इस अवसर पर राजस्थान विद्युत उत्पादन निगम अध्यक्ष देवेन्द्र श्रृंगी को भी मल्टीनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स की ओर से सम्मानित किया गया। वहीं ऊर्जा सचिव आरती डोगरा ने कहा कि राज्य सरकार ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में लगातार कार्य कर रही है और यह उपलब्धि उसी का परिणाम है।

Comment List