राजस्थान की धूप बनी ताकत, वसुंधरा राजे- रेगिस्तान में फूल खिलाने का हुनर हमें अच्छे से आता है
आसमान हमारी सीमाओं का अंत नहीं
जयपुर। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा है कि रेगिस्तान में फूल खिलाने का हुनर हमें अच्छे से आता है। हम इसमें माहिर हैं। आसमान हमारी सीमाओं का अंत नहीं है। सदियों तक राजस्थान की जिस तेज धूप को चुनौती माना जाता था, आज उसी धूप से जोधपुर के पास भड़ला में हजारों मेगावाट बिजली पैदा हो रही है। हम राजस्थानियों की मजबूती भी यही है कि अपनी सबसे बड़ी चुनौती को अपनी सबसे बड़ी ताकत में बदल दें। वे शुक्रवार को जोधपुर में हैप्पी आवर्स स्कूल द्वारा आयोजित हैप्पी आवर्स स्कूल मॉडल संयुक्त राष्टÑ सम्मेलन-2026 कार्यक्रम में बोल रही थीं। इस कार्यक्रम में मतदाता की आयु और जलवायु परिवर्तन पर भी वाद-विवाद हुआ। उन्होंने कहा कि एक मधुमक्खी अपने पूरे जीवन में एक चम्मच के बारहवें हिस्से जितना शहद बनाती है। उसका योगदान बहुत छोटा लगता है लेकिन हजारों मधुमक्खियां मिलकर असंख्य छेदों वाला ऐसा छत्ता बनाती हैं, जिसकी संरचना का गणितीय प्रमाण जुटाने में वैज्ञानिकों को दो हजार वर्ष लग गए। ऐसे छोटे-छोटे प्रयास बड़ा काम कर देते हैं। अच्छी नीति वह है जो लोगों को अपने पैरों पर खड़ा करे।
हमने बेटियों को साइकिलें इसलिए दीं ताकि स्कूल की लंबी दूरी उनकी शिक्षा में बाधा न बने। जल स्वावलंबन अभियान के माध्यम से गांवों को अपने पारंपरिक जलस्रोतों को पुनर्जीवित करने के लिए प्रोत्साहित किया। भामाशाह योजना के माध्यम से महिलाओं को परिवार की मुखिया बनाया। उनके नाम से बैंक खाते खुलवाए ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे उनके ही खाते में पहुँच सके।

Comment List