देवउठनी एकादशी पर यात्रियों को राहत, दिल्ली सराय-जयपुर स्पेशल ट्रेन के 4 ट्रिप बढ़ाए
21 नवंबर से 22 नवंबर तक चलेगी अनारक्षित स्पेशल ट्रेन
जयपुर। देवउठनी एकादशी पर बढ़ने वाले यात्रीभार को देखते हुए रेलवे ने दिल्ली सराय–ढेहर का बालाजी (जयपुर) अनारक्षित स्पेशल रेलसेवा के संचालन को बढ़ाकर चार ट्रिप कर दिया है। पहले इस ट्रेन का संचालन तीन ट्रिप के लिए निर्धारित था, जिसे अब एक ट्रिप बढ़ाया गया है। इससे दिल्ली, हरियाणा और जयपुर के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, गाड़ी संख्या 04474 दिल्ली सराय–ढेहर का बालाजी स्पेशल 18 से 21 नवंबर तक दिल्ली सराय से रात 11.55 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 5.15 बजे जयपुर पहुंचेगी। वहीं, गाड़ी संख्या 04473 ढेहर का बालाजी–दिल्ली सराय स्पेशल 19 से 22 नवंबर तक सुबह 6.50 बजे रवाना होकर दोपहर 2 बजे दिल्ली सराय पहुंचेगी।
ट्रेन दिल्ली कैंट, गुड़गांव, पटौदी रोड, रेवाड़ी, नारनौल, नीमकाथाना, श्रीमाधोपुर, रींगस और चौमूं सामोद स्टेशनों पर ठहराव करेगी। ट्रेन में 14 साधारण श्रेणी और दो गार्ड डिब्बों सहित कुल 16 कोच होंगे। यह अनारक्षित ट्रेन यात्रियों के लिए अतिरिक्त सुविधा उपलब्ध कराएगी।

Comment List