शहरी सेवा शिविरों के लिए सेवानिवृत्त कार्मिकों की होगी संविदा पर नियुक्ति
आदेशों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश
जयपुर। राज्य सरकार ने शहरी सेवा शिविर-2026 के सफल संचालन और आमजन के कार्यों के त्वरित निस्तारण के लिए नगर निकायों में रिक्त पदों पर सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविदा के आधार पर नियुक्त करने की अनुमति दी है। इस संबंध में स्वायत्त शासन विभाग के निदेशक एवं विशिष्ट सचिव प्रतीक चन्द्रशेखर ने सोमवार को सभी नगर निगमों, नगर परिषदों और नगरपालिकाओं को आदेश जारी किए। आदेश के अनुसार, राज्यभर में 12 जून 2026 से शुरू हुए शहरी सेवा शिविर-2026 के दौरान भूखंडों के पट्टे जारी करने सहित नागरिकों के लंबित कार्यों का तेजी से निस्तारण किया जा रहा है।
विभाग ने माना है कि नगर निकायों में बड़ी संख्या में पद रिक्त होने के कारण शिविरों के संचालन और कार्य निष्पादन में कठिनाइयां आ रही हैं। इसी को देखते हुए नगर निकायों को निर्देश दिए गए हैं कि वे आवश्यकता के अनुसार रिक्त पदों के विरुद्ध योग्य सेवानिवृत्त अधिकारी एवं कर्मचारियों की सेवाएं शिविर अवधि तक संविदा पर ले सकते हैं। नियुक्तियां कार्मिक विभाग के 28 मार्च 2023 के परिपत्र के प्रावधानों के अनुसार की जाएंगी तथा निर्धारित समेकित पारिश्रमिक का भुगतान किया जाएगा। विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों को आदेशों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।

Comment List