राइनोकॉन-2026: डॉ. मोहनीश ग्रोवर ने बढ़ाया राजस्थान का गौरव, देशभर से पहुंचे 500 से अधिक विशेषज्ञ
दिल्ली के डॉ. अजय जैन संभालेंगे कमान
जयपुर। ऑल इंडिया राइनोलॉजी सोसाइटी के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. मोहनीश ग्रोवर ने गुवाहाटी में आयोजित 37वें राष्ट्रीय राइनोलॉजी सम्मेलन ‘राइनोकॉन-2026’ के उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता की। सम्मेलन में देशभर से 500 से अधिक विशेषज्ञों ने भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि असम के स्वास्थ्य मंत्री अशोक सिंघल थे।
डॉ. ग्रोवर सोसाइटी के सबसे युवा अध्यक्ष और राजस्थान से इस पद पर पहुंचने वाले पहले चिकित्सक हैं। उनके कार्यकाल में अमेरिकी राइनोलॉजिक सोसाइटी के साथ ऐतिहासिक समझौता हुआ, जिससे भारतीय चिकित्सकों के लिए अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण और अनुसंधान के नए अवसर खुले। सोसाइटी की सदस्य संख्या भी बढ़कर करीब 1600 हो गई है।
सम्मेलन में उन्होंने एंडोस्कोपिक साइनस सर्जरी की जटिलताओं, उनके बचाव और आधुनिक सर्जिकल नेविगेशन तकनीकों पर अपने अनुभव साझा किए। सम्मेलन के समापन पर अध्यक्ष पद का कार्यभार दिल्ली के ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. अजय जैन को सौंपा जाएगा।

Comment List