रीको ने भूखण्ड आवंटियों को दी बड़ी राहत, भूखण्ड से संबंधित विभिन्न स्वीकृतियों के निस्तारण की समय सीमा घटाई
जियोटैग फोटो अपलोड करने के पश्चात एक दिन में ही आवेदन मान्य
राज्य में निवेश को बढ़ावा देने तथा उद्यमियों को सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रीको द्वारा विभिन्न प्रक्रियाओं एवं नियमों का लगातार सरलीकरण किया जा रहा।
जयपुर। राज्य में निवेश को बढ़ावा देने तथा उद्यमियों को सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रीको द्वारा विभिन्न प्रक्रियाओं एवं नियमों का लगातार सरलीकरण किया जा रहा है। रीको ने भूखण्ड आवंटन से संबंधित नियमों, समय-सीमाओं एवं आवश्यक दस्तावेजों की व्यापक समीक्षा कर इनमें संशोधन कर आवश्यक परिपत्र जारी किया है। अब सभी रीको इकाई प्रभारी संबंधित औद्योगिक क्षेत्रों में आवंटियों को विभिन्न प्रकार की स्वीकृतियां नए परिपत्र के अनुरूप कम की गई समय सीमा में ही जारी करेंगे। रीको औद्योगिक क्षेत्रो में आवंटियों को समय-समय पर अपने भूखण्ड से संबंधित विभिन्न स्वीकृतियां लेनी होती हैं।
इसके लिये आवंटी अपने एसएसओ आईडी के माध्यम से रीको पॉर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर स्वीकृतियां प्राप्त कर सकेंगे। इन स्वीकृतियों के अंतर्गत कंपनी के डायरेक्टर्स में परिवर्तन, कंपनी के स्वरूप में बदलाव (प्राइवेट लिमिटेड से लिमिटेड अथवा इसके विपरीत), भूखण्डों का मर्जर, ऋण प्राप्ति हेतु अनुमति तथा कंपनी के नाम परिवर्तन इत्यादि सम्मिलित हैं। इसके अलावा, भूखण्डों पर प्लिंथ स्तर अथवा छत स्तर पर निर्माण की सूचना हेतु आवेदन की समय-सीमा को 3 दिन से घटाकर 1 दिन करने का निर्णय लिया गया है। अब जियोटैग फोटो अपलोड करने के पश्चात एक दिन में ही आवेदन मान्य माना जाएगा, जिससे प्रक्रिया अधिक सरल, त्वरित एवं पारदर्शी बनेगी।

Comment List