रीको ने RVCF इंडिया ग्रोथ फंड- IV के साथ 30 करोड़ रूपये के अतिरिक्त योगदान के लिए किया अनुबंध
आरवीसीएफ के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे
जयपुर। राजस्थान में स्टार्टअप्स और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को वित्तीय सहायता देने के उद्देश्य से रीको ने राजस्थान वेंचर कैपिटल फंड के इंडिया ग्रोथ फंड-IV के लिये योगदान अनुबंध (Contribution Agreement) पर दिनांक 27.07.2026 को हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर रीको और आरवीसीएफ के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इस समझौते के तहत रीको अब फंड में 30 करोड़ रुपये का अतिरिक्त निवेश करेगा जिसके पश्चात् इंडिया ग्रोथ फंड-IV में रीको की कुल निवेश प्रतिबद्धता बढ़कर 75 करोड़ रुपये हो गई है।
उल्लेखनीय है कि इंडिया ग्रोथ फंड-IV 250 करोड़ रुपये के फंड के साथ लॉन्च किया गया है एवं माननीय मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा इस वर्ष 25 स्टार्टअप्स को इसके माध्यम से मदद करने की घोषणा की गई है। आरवीसीएफ इंडिया ग्रोथ फंड-IV के जरिए नए स्टार्टअप्स और उभरते उद्यमियों को पूंजी के साथ-साथ मार्गदर्शन और रणनीतिक सहयोग भी मिलेगा। इससे उन्हें अपने कारोबार का विस्तार करने, रोजगार के नए अवसर पैदा करने और नवाचार को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी। यह फंड राजस्थान में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय निवेश आकर्षित करने के साथ राज्य को स्टार्टअप और तकनीकी नवाचार का मजबूत केंद्र बनाने में भी योगदान देगा। आरवीसीएफ के सभी 3 फंड, जिन्होंने 44 निवेशित कंपनियों का सहयोग किया, ने योगदानकर्ताओं को सकारात्मक रिटर्न प्रदान किए हैं।

Comment List