कैटरिंग वर्कर के साथ दिन-दहाड़े वारदात, रास्ता पूछने के बहाने 35 हजार रुपए लूटे
पुलिस मामले की जांच कर रही
ट्रांसपोर्ट नगर थाना क्षेत्र में दिन-दहाड़े कैटरिंग वर्कर से 35 हजार रुपए की लूट। पीड़ित संगीराम बस का इंतजार कर रहा था, बाइक सवार बदमाशों ने रास्ता पूछने के बहाने उसे रोक लिया। बातचीत के दौरान झांसा देकर उसे साथ ले जाकर वारदात को अंजाम दिया।
जयपुर। ट्रांसपोर्ट नगर थाना इलाके में दिन-दहाड़े एक कैटरिंग वर्कर से लूट की गई। 2 बाइक सवार बदमाशों ने पता पूछने के बहाने उसे रोककर 35 हजार रूपए लूट लिए। पीड़ित संगीराम ने बताया कि वह मंगलवार सुबह करीब 11 बजे अपने गांव वारिघा जा रहा था, जो उच्चैन इलाके के रूपवास में स्थित है। पीड़ित किराए के मकान में रहता है, जहां से वह करीब सुबह साढ़े 10 बजे रवाना हुआ, जो करीब 11 बजे रोटरी सर्किल पर भरतपुर जाने वाली बस का इंतजार कर रहा था। इस दौरान एक अज्ञात व्यक्ति उससे बातचीत करने लगा और भरतपुर जाने की बात कही। अज्ञात व्यक्ति ने कहा कि वह कार से भरतपुर जाएगा, लेकिन रास्ता नहीं जानता है।
पीड़ित ने बताया कि रास्ता बताने के लिए वह बदमाश के साथ जाने को तैयार हो गया। बदमाश ने कहा कि वह रास्ते में अपने सेठ के यहां से कार लेकर आएगा, लेकिन रास्ते में ही बदमाशों ने उसके साथ लूट की वारदत को अंजाम दे दिया। पीड़ित ने ट्रांसपोर्ट नगर थाने में मामला दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Comment List