आरपीएससी ने विभिन्न पदों के साक्षात्कार कार्यक्रम किए जारी, 31 जुलाई से 14 अगस्त तक होंगे इंटरव्यू
मूल प्रमाण-पत्रों के साथ उनकी स्वप्रमाणित फोटोकॉपी लेकर उपस्थित
जयपुर। राजस्थान लोक सेवा आयोग आरपीएससी ने विभिन्न विभागों में भर्ती के लिए साक्षात्कार कार्यक्रम जारी कर दिया है। आयोग के अनुसार 31 जुलाई से 14 अगस्त 2026 तक कुल नौ विभिन्न पदों के लिए साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे। विस्तृत कार्यक्रम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। सहायक आचार्य चिकित्सा शिक्षा विभाग भर्ती-2024 के अंतर्गत सुपर स्पेशियलिटी के पेडियाट्रिक्स कार्डियोथोरेसिक एंड वैस्कुलर सर्जरी, क्लीनिकल इम्यूनोलॉजी एंड रूमेटोलॉजी तथा मेडिकल ऑन्कोलॉजी के साक्षात्कार 31 जुलाई को होंगे, जबकि मेडिकल गैस्ट्रोएंट्रोलॉजी के साक्षात्कार 3 अगस्त को आयोजित किए जाएंगे। वहीं ब्रॉड स्पेशियलिटी के जनरल मेडिसिन विषय के पदों के लिए 4 से 14 अगस्त तक साक्षात्कार होंगे। आयोग ने एग्रीकल्चर रिसर्च ऑफिसर एग्रीकल्चर केमिस्ट्री, कृषि विभाग भर्ती-2022 के साक्षात्कार भी 31 जुलाई को निर्धारित किए हैं।
इसके अलावा 3 से 14 अगस्त तक सहायक आचार्य कॉलेज शिक्षा विभाग भर्ती-2023 के इतिहास विषय के पदों के लिए साक्षात्कार का 12वां चरण, लाइब्रेरियन कॉलेज शिक्षा विभाग भर्ती-2023 के साक्षात्कार का पांचवां चरण तथा सब इंस्पेक्टर-टेलीकॉम गृह विभाग, ग्रुप-1 भर्ती-2024 के साक्षात्कार का प्रथम चरण आयोजित किया जाएगा। आयोग ने अभ्यर्थियों को निर्देश दिए हैं कि वे साक्षात्कार के समय नवीनतम पासपोर्ट आकार का रंगीन फोटो, स्पष्ट फोटोयुक्त मूल पहचान-पत्र तथा सभी मूल प्रमाण-पत्रों के साथ उनकी स्वप्रमाणित फोटोकॉपी लेकर उपस्थित हों। आवश्यक दस्तावेज नहीं होने पर अभ्यर्थी को साक्षात्कार से वंचित किया जा सकता है। आयोग ने बताया कि साक्षात्कार पत्र निर्धारित समय पर उसकी वेबसाइट पर अपलोड किए जाएंगे।

Comment List