आरयूएचएस प्रशासन ने की अहम नियुक्तियां : डॉ. मनोज अग्रवाल बने डेंटल कॉलेज प्रिंसिपल, अस्पताल प्रशासन में भी दो नए अधिकारियों को जिम्मेदारी
डॉ. अग्रवाल कंजरवेटिव डेंटिस्ट्री विभाग में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत
जयपुर। राजस्थान स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय (आरयूएचएस) के अधीन शास्त्री नगर स्थित डेंटल कॉलेज में प्रोफेसर डॉ. मनोज कुमार अग्रवाल ने प्रिंसिपल (प्रशासन) का कार्यभार ग्रहण कर लिया। आरयूएचएस प्रशासन द्वारा जारी आदेश के तहत उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने निवर्तमान प्रिंसिपल डॉ. अंजली कपूर का स्थान लिया है। डॉ. अग्रवाल कंजरवेटिव डेंटिस्ट्री विभाग में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत रहे हैं।
कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने कहा कि कॉलेज में गुणवत्तापूर्ण डेंटल शिक्षा, आधुनिक प्रशिक्षण और बेहतर मरीज सेवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही शैक्षणिक गतिविधियों और शोध कार्यों को भी और मजबूत बनाने का प्रयास किया जाएगा। आरयूएचएस प्रशासन ने इसी क्रम में दो अन्य महत्वपूर्ण नियुक्तियां भी की हैं। आरयूएचएस मेडिकल कॉलेज के एनेस्थीसिया विभाग के प्रोफेसर डॉ. मनीष खंडेलवाल को आरयूएचएस हॉस्पिटल का अतिरिक्त अधीक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं एनाटॉमी विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. चंद्रजीत सिंह चंदेल को अस्पताल का उपाधीक्षक बनाया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इन नियुक्तियों को संस्थानों की प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।

Comment List