सरपंच चुनाव : नामांकन से पहले तैयार रखें ये दस्तावेज, आधार और वोटर आईडी से लेकर प्रस्तावकों की जानकारी जरूरी
उम्मीदवारों को पासपोर्ट साइज के 4 से 6 फोटो तैयार रखने होंगे
जयपुर। राजस्थान में प्रस्तावित सरपंच चुनाव को लेकर संभावित उम्मीदवारों ने नामांकन की तैयारियां शुरू कर दी हैं। नामांकन दाखिल करते समय उम्मीदवारों को निर्धारित प्रपत्र के साथ पहचान, उम्र और मतदाता सूची से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। आरक्षित सीट से चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों को संबंधित श्रेणी का वैध प्रमाणपत्र रखना होगा। नामांकन के लिए फॉर्म चार और घोषणा पत्र फॉर्म चार डी जरूरी बताया है। इसके साथ आधार कार्ड, वोटर आईडी की प्रति और मतदाता सूची में उम्मीदवार का नाम व क्रमांक देना होगा। उम्र के प्रमाण के लिए 10वीं की अंकतालिका या जन्म प्रमाणपत्र रखा जा सकता है। उम्मीदवारों को पासपोर्ट साइज के 4 से 6 फोटो तैयार रखने होंगे।
पांच प्रस्तावक भी जरूरी
- सरपंच पद के उम्मीदवार के लिए संबंधित ग्राम पंचायत के 5 मतदाता प्रस्तावक होने चाहिए।
- सभी प्रस्तावकों के वोटर क्रमांक और मतदाता सूची से संबंधित जानकारी पहले से तैयार रखनी होगी। प्रस्तावकों के हस्ताक्षर भी आवश्यक होंगे।
जमानत राशि भी निर्धारित
नामांकन के साथ जमानत राशि जमा करनी होगी। उपलब्ध जानकारी के अनुसार सामान्य पुरुष उम्मीदवार के लिए 500 रुपए, जबकि महिला तथा एससीए एसटी और ओबीसी उम्मीदवारों के लिए 250 रुपए की राशि निर्धारित है। आरक्षित सीट पर चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों को संबंधित जाति प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना होगा। उम्मीदवारों को नामांकन के समय सभी दस्तावेजों की 2 से 3 फोटो कॉपी साथ रखने और मूल दस्तावेज भी अपने पास रखने की सलाह दी है।

Comment List