सूरज की तपन से झुलसा तन : दो दर्जन से ज्यादा शहरों में पारा 40 डिग्री के पार, पांच शहरों में 45 डिग्री से ज्यादा रहा तापमान
धूल भरी आंधी चलने की संभावना
जयपुर में भीषण गर्मी और लू के असर के बीच तापमान 43.5 डिग्री हुआ रिकॉर्ड
जयपुर। प्रदेश में इन दिनों आसमान से आग बरस रही हैं। पारा 45 डिग्री के पार पहुंच गया है और गर्मी का रौद्र रूप अधिकांश शहरों में देखने को मिल रहा हैं। प्रदेश के दो दर्जन से ज्यादा शहरों में दिन का तापमान 40 डिग्री के पार दर्ज किया गया। वनस्थली, चित्तौड़, चूरू, गंगानगर और कोटा में तापमान 45 डिग्री के पार दर्ज किया गया। ऐसे में इन शहरों में गर्मी से लोगों का हाल बेहाल हैं। जयपुर में भी शुक्रवार को गर्मी ने अपना कहर बरपाया हुआ था। यहां दिन का तापमान 43.5 डिग्री दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 28 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इस बीच चूरू और गंगानगर में प्रदेश में सबसे अधिक 45.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। जयपुर-कोटा में तापमान ने छह साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। यहां बीते छह साल में अपै्रल का सर्वाधिक तापमान रहा।
धूल भरी आंधी चलने की संभावना
मौसम विभाग केन्द्र जयपुर से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को जोधपुर, बीकानेर संभाग के कुछ भागों में तेज हवाएं या धूल भरी आंधी चलने की संभावना हैं। शनिवार से अधिकतम व न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री गिरावट होने और जोधपुर बीकानेर व कोटा संभाग में कहीं-कहीं हीटवेव दर्ज होने की संभावना है। साथ ही 20 अप्रैल से राज्य में हीट वेव से राहत मिलने की उम्मीद भी मौसम विभाग ने जताई है।

Comment List