खोह नागोरियान में दूसरे दिन भी चला सर्च अभियान, मुख्य आरोपी का सहयोगी गिरफ्तार
20 गोदामों को चिन्हित कर सील करने की कार्रवाई
जयपुर। करीमनगर स्थित अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट और आगजनी मामले के बाद खोह नागोरियान थाना पुलिस ने दूसरे दिन व्यापक सर्च अभियान जारी रखा। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान दो और अवैध पटाखा फै्ट्रिरयों का खुलासा करते हुए बड़ी मात्रा में पटाखे, विस्फोटक सामग्री और निर्माण उपकरण जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार 9 जून को हुई आगजनी की घटना के संबंध में दर्ज प्रकरण में फरार आरोपियों की तलाश के दौरान सलमान कुरैशी को गिरफ्तार किया है। वह मुख्य आरोपी कय्यूम खान का सहयोगी बताया जा रहा है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। जांच के दौरान जावेद नगर स्थित मकान नंबर 28 और एक अन्य स्थान पर संचालित अवैध पटाखा फै्ट्रिरयों पर छापेमारी कर विस्फोटक सामग्री बरामद की।
दोनों मामलों में अलग अलग मुकदमे दर्ज कर आरोपियों कय्यूम खान, याकूब खान, फिरोज, फयूम आदिल सहित अन्य के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है। करीमनगर, रहीम नगर, तलाई, आइशा नगर, उजैफा नगर और अक्षय विहार समेत आसपास के क्षेत्रों में करीब 80 पुलिसकर्मियों की टीम ने डोर टू डोर सर्वे कर लगभग 200 मकानों और गोदामों की जांच की। अभियान के दौरान संशोधित साइलेंसर और फैंसी नंबर प्लेट लगी 27 संदिग्ध मोटरसाइकिलें जब्त कीं। साथ ही अवैध रूप से संचालित करीब 20 गोदामों को चिन्हित कर सील करने की कार्रवाई की है। पुलिस ने मोहल्ला समितियों की बैठकें लेकर लोगों से अपील की है कि क्षेत्र में संचालित अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Comment List