जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल के 20वें संस्करण के लिए वक्ताओं की दूसरी सूची जारी : अक्षता मूर्ति, मिशाल हुसैन और नोबेल विजेता पॉल नर्स भी होंगे शामिल
एशियाई कला, संग्रहालयों और अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक आदान-प्रदान पर केंद्रित
जयपुर। जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल के ऐतिहासिक 20वें संस्करण के लिए वक्ताओं की दूसरी सूची जारी की गई। साहित्य और संस्कृति के इस महोत्सव का आयोजन अगले साल 14 से 18 जनवरी तक होटल क्लार्क्स आमेर जयपुर में होगा। नई सूची में फिलिस्तीनी लेखिका अदानिया शिब्ली शामिल हैं, जिनका उपन्यास माइनर डिटेल नेशनल बुक अवॉर्ड और इंटरनेशनल बुकर पुरस्कार के लिए नामांकित हुआ। पुलित्ज़र पुरस्कार से सम्मानित इतिहासकार कैरोलीन एल्किन्स, जीवनीकार बेंजामिन मोज़र, मानव-विकास की अध्येता ऐलिस रॉबर्ट्स, पुरातत्त्वविद् एरिक क्लाइन और ब्रिटिश म्यूज़ियम के पूर्व निदेशक नील मैकग्रेगर भी आएंगे।
नोबेल से सम्मानित सर पॉल नर्स विज्ञान पर विचार रखेंगे । भारतीय वक्ताओं में मकरंद साठे, पॉल ज़कारिया, हंसदा सौवेंद्र शेखर, सूरज येंगड़े और अनन्या वाजपेयी के नाम हैं। शेफ ऋतु डालमिया भी सूची में हैं। इसके अलावा व्यवसाय और परोपकार के क्षेत्र में काम के लिए जानी जाने वाली अक्षता मूर्ति, पत्रकार और लेखिका मिशाल हुसैन तथा कला-इतिहासकार विशाखा एन. देसाई भी शामिल हैं। देसाई का काम एशियाई कला, संग्रहालयों और अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक आदान-प्रदान पर केंद्रित है।

Comment List