त्योहारी सीजन में बाजारों की सुरक्षा होगी मजबूत, बढ़ेगी पुलिस गश्त
जयपुर व्यापार महासंघ की अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक सिंघल से मुलाकात
जयपुर। त्योहारी और आगामी पर्यटन सीजन को देखते हुए जयपुर के प्रमुख बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा पुलिस गश्त बढ़ाने पर जोर दिया गया है। इस संबंध में जयपुर व्यापार महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को बड़ी चौपड़ स्थित अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त कार्यालय में माणक चौक थाना क्षेत्र के नवनियुक्त अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक सिंघल से शिष्टाचार भेंट की। महासंघ के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत एवं अभिनंदन कर नवीन पदभार के लिए शुभकामनाएं दीं।
जयपुर व्यापार महासंघ के अध्यक्ष सुभाष गोयल और महामंत्री सुरेश सैनी ने कहा कि माणक चौक थाना क्षेत्र जयपुर का प्रमुख व्यापारिक एवं पर्यटन क्षेत्र है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में व्यापारी, ग्राहक और देश-विदेश से पर्यटक आते हैं। ऐसे में पुलिस प्रशासन और व्यापारिक संगठनों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।
बाजारों में सीसीटीवी बढ़ाने पर जोर :
बैठक में बाजारों में सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। महासंघ ने व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों पर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा बाजारों के प्रमुख प्रवेश-निकास मार्गों और सड़क किनारे के महत्वपूर्ण स्थानों को कैमरों से कवर करने का आग्रह करने की बात कही।
महासंघ ने बाजारों में लगाए जाने वाले सीसीटीवी कैमरों को पुलिस की अभय कमांड सेंटर व्यवस्था से जोड़ने की दिशा में भी हरसंभव प्रयास करने की बात कही। इससे किसी आपराधिक घटना की स्थिति में पुलिस को त्वरित कार्रवाई में मदद मिल सकेगी।
त्योहारी और पर्यटन सीजन में बढ़ेगी गश्त :
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक सिंघल ने व्यापारिक प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि आगामी त्योहारी एवं पर्यटन सीजन को देखते हुए बाजारों में विशेष सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे। पुलिस टीमों को सक्रिय रखा जाएगा और गश्त बढ़ाई जाएगी, ताकि व्यापारियों, ग्राहकों और पर्यटकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने व्यापारियों से भी अपने प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की।
अतिक्रमण और यातायात व्यवस्था पर भी मंथन :
बैठक में बाजारों में अस्थायी अतिक्रमण के कारण प्रभावित हो रही यातायात व्यवस्था का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। व्यापारिक प्रतिनिधियों ने कहा कि अस्थायी अतिक्रमण के कारण कई बार यातायात बाधित होता है और आमजन के साथ व्यापारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
सिंघल ने संबंधित विभागों और पुलिस प्रशासन के समन्वय से अस्थायी अतिक्रमण हटाने तथा यातायात व्यवस्था सुगम बनाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि पुलिस और व्यापारिक संगठनों के बीच निरंतर संवाद एवं समन्वय के माध्यम से बाजारों की समस्याओं का समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।
यह रहे मौजूद :
बैठक में जयपुर व्यापार महासंघ के अध्यक्ष सुभाष गोयल, महामंत्री सुरेश सैनी सहित माणक चौक थाना क्षेत्र के विभिन्न बाजारों के अध्यक्ष, महामंत्री एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। इनमें राजेंद्र गुप्ता, जहीर गुडेज, प्रकाश सिंह, हुकम चंद अग्रवाल, गुलाबचंद श्रीमाली, सुरेंद्र बज, किशन ग्वालानी, महेश बैराठी, नीरज लूहड़िया, कुन्दनलाल पठानी, विक्की चेलानी, विवेक भारद्वाज, आलोक गुप्ता और विष्णु दत्त शर्मा सहित अन्य बाजारों के पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल थे।
बैठक में व्यापारियों की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, पुलिस गश्त, सीसीटीवी कैमरे, अभय कमांड से कनेक्टिविटी, यातायात, पार्किंग, अतिक्रमण तथा आगामी त्योहारी एवं पर्यटन सीजन की व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। महासंघ ने विश्वास जताया कि पुलिस प्रशासन और व्यापारिक संगठनों के आपसी समन्वय से जयपुर के प्रमुख बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था और बेहतर होगी तथा व्यापारियों एवं आमजन को सुरक्षित एवं सुगम व्यापारिक वातावरण मिलेगा।

Comment List