वरिष्ठ अध्यापक भर्ती परीक्षा-2022 : पेपर लीक गिरोह का सदस्य गिरफ्तार, जानें पूरा मामला
3 जगह अभ्यर्थियों को पढ़ाया पेपर
जयपुर। आरपीएससी अजमेर की वरिष्ठ अध्यापक भर्ती परीक्षा-2022 के पेपर लीक मामले में एसओजी ने एक और आरोपी विनोद कुमार जाट उर्फ विनोद रेवाड़ निवासी पापड़िया की ढाणी डूंगरीकलां रेनवाल को गिरफ्तार किया है। विनोद ने अभ्यर्थियों से अवैध राशि लेकर परीक्षा से पहले सामान्य ज्ञान एवं शैक्षिक मनोविज्ञान का प्रश्नपत्र उपलब्ध कराकर हल करवाया था। बस में मिले थे हल प्रश्नपत्र के साथ अभ्यर्थी- एडीजी विशाल बंसल ने बताया कि 23 दिसंबर 2022 की देर रात उदयपुर जिले में बेकरिया थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान बस से मूल अभ्यर्थियों और डमी परीक्षार्थियों को पकड़ा था। उनके पास वरिष्ठ अध्यापक माध्यमिक शिक्षा विभाग प्रतियोगी परीक्षा-2022 के सामान्य ज्ञान एवं शैक्षिक मनोविज्ञान विषय के हल प्रश्नपत्र मिले थे।
3 जगह अभ्यर्थियों को पढ़ाया पेपर :
पेपर लीक गिरोह ने अभ्यर्थियों से अवैध रकम लेकर 24 दिसंबर 2022 को होने वाली परीक्षा का सामान्य ज्ञान एवं शैक्षिक मनोविज्ञान का पहला प्रश्नपत्र पहले ही लीक कर दिया था। आरोपी अनिल कुमार मीणा उर्फ शेर सिंह मीणा ने प्रश्नपत्र की एक प्रति अरुण शर्मा उर्फ राजेंद्र शर्मा को उपलब्ध कराई थी। अरुण शर्मा को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके लिए तीन अलग-अलग स्थानों पर अभ्यर्थियों से 57 लाख रुपए लेने का आरोप है। आरोपियों ने रेवासा रानोली स्थित मिल्खा डिफेंस अकादमी में 13 अभ्यर्थियों से 25 लाख रुपए, जयपुर के बेनाड़ स्थित पूर्ण विहार कॉलोनी के किराए के मकान में 9 अभ्यर्थियों से 18 लाख और हाथोज बस स्टैंड के पास कालवाड़ रोड स्थित कंप्यूटर संस्थान में 7 अभ्यर्थियों से 14 लाख रुपए वसूले थे।
अब तक बाबूलाल कटारा सहित 70 आरोपी गिरफ्तार :
इस पेपर लीक प्रकरण में अब तक 70 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें अनिल कुमार मीणा उर्फ शेर सिंह, भूपेंद्र सारण, सुरेश कुमार सऊ और राजस्थान लोक सेवा आयोग के तत्कालीन सदस्य बाबूलाल कटारा सहित अन्य आरोपी शामिल हैं।

Comment List