SI भर्ती परीक्षा 2021 पेपर लीक मामला : लीक प्रश्नपत्र पढ़कर परीक्षा पास करने वाला एक और अभ्यर्थी गिरफ्तार
दोनों आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके
जयपुर। राजस्थान की बहुचर्चित उपनिरीक्षक (SI) भर्ती परीक्षा-2021 पेपर लीक प्रकरण में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) को एक और बड़ी सफलता मिली है। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस, एसओजी विशाल बंसल ने बताया कि मामले में फरार चल रहे आरोपी मनीष दाधीच को 19 जून 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 23 जून 2026 तक पुलिस अभिरक्षा में भेजा गया है। एसओजी द्वारा दर्ज प्रकरण संख्या 10/2024 की जांच में सामने आया कि मनीष दाधीच ने परीक्षा से पूर्व आरपीएससी सदस्य बाबूलाल कटारा द्वारा लीक किए गए प्रश्नोत्तर पढ़कर लिखित परीक्षा दी थी। जांच के अनुसार, लीक सामग्री उसे उसके भाई पुरुषोत्तम दाधीच के माध्यम से संदीप कुमार लाटा द्वारा उपलब्ध कराई गई थी।
दोनों आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। जांच में पाया गया कि मनीष दाधीच ने लिखित परीक्षा में असामान्य रूप से उच्च अंक प्राप्त किए थे। उसे हिन्दी विषय में 200 में से 170.08 तथा सामान्य ज्ञान में 200 में से 158.69 अंक मिले थे। हालांकि साक्षात्कार में न्यूनतम निर्धारित अंक प्राप्त नहीं करने के कारण उसका अंतिम चयन नहीं हो सका। एसओजी ने बताया कि पुरुषोत्तम दाधीच और संदीप कुमार लाटा ने लीक प्रश्नपत्र अपने परिचितों को उपलब्ध कराकर उन्हें अनुचित लाभ पहुंचाया। दोनों के खिलाफ 31 जुलाई 2025 को आरोप पत्र न्यायालय में पेश किया जा चुका है और वर्तमान में वे उच्चतम न्यायालय से जमानत पर हैं। दोनों आरोपी अपने-अपने विभागों से निलंबित चल रहे हैं।

Comment List