SI भर्ती परीक्षा-2021 पेपर लीक : 10 हजार के इनामी समेत 2 आरोपी गिरफ्तार, अभ्यर्थियों को परीक्षा से पहले पढ़ाया था लीक पेपर
दिनेश किलका पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित
जयपुर। राजस्थान की उप निरीक्षक (SI) भर्ती परीक्षा-2021 पेपर लीक प्रकरण में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) को बड़ी सफलता मिली है। एसओजी ने 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी दिनेश किलका और राकेश कुमार को गिरफ्तार किया है। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (एसओजी) विशाल बंसल ने बताया कि थाना एसओजी में दर्ज प्रकरण संख्या 10/2024 की जांच में सामने आया कि तत्कालीन एम.ए.डी. फाउंडेशन कोचिंग संचालक दिनेश किलका ने परीक्षा से पहले लीक हुआ सॉल्वड पेपर दो अभ्यर्थियों को पढ़ाया था। जांच के अनुसार, दिनेश किलका ने अविनाश पलसानिया से 20 लाख रुपये तथा परमेश चौधरी से 16 लाख रुपये लेकर उन्हें परीक्षा पूर्व लीक पेपर उपलब्ध कराया। इसके बाद अविनाश पलसानिया ने मेरिट में 86वीं तथा परमेश चौधरी ने 180वीं रैंक हासिल कर उप निरीक्षक पद पर अंतिम चयन प्राप्त किया।
अविनाश को 31 अगस्त 2024 तथा परमेश को 23 सितंबर 2025 को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके बाद से फरार चल रहे दिनेश किलका पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। एसओजी ने 29 जून 2026 को दिनेश किलका को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि उसने राकेश कुमार से 35 लाख रुपये में परीक्षा से पहले सॉल्वड पेपर खरीदा था। इस आधार पर 30 जून 2026 को राकेश कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया। जांच में सामने आया कि राकेश ने यह पेपर अनिल उर्फ शेरसिंह मीणा के पेपर लीक गिरोह से जुड़े अरुण शर्मा के नेटवर्क के माध्यम से प्राप्त किया था।

Comment List