राजस्थान के संग्रहालयों में डिजिटल बदलाव की तैयारी, अध्ययन दौरे पर जाएगी छह सदस्यीय टीम
अल्बर्ट हॉल संग्रहालय के संग्राध्यक्ष अक्षत जैन शामिल
जयपुर। कला एवं संस्कृति विभाग की पहल पर राजस्थान के संग्रहालयों और स्मारकों के प्रबंधन को आधुनिक एवं अधिक आकर्षक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। इसी क्रम में पुरातत्व विभाग का छह सदस्यीय दल मंगलवार को जयपुर से दिल्ली स्थित प्रमुख संग्रहालयों के अध्ययन भ्रमण के लिए रवाना होगा। भ्रमण का उद्देश्य देश के अग्रणी संग्रहालयों की कार्यप्रणाली, आधुनिक प्रदर्शन तकनीकों, आगंतुक सुविधाओं, संरक्षण व्यवस्था तथा प्रबंधन की श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों (बेस्ट प्रैक्टिसेज) का अध्ययन कर उन्हें राजस्थान में लागू करना है। पुरातत्व विभाग के अनुसार दल में संयुक्त निदेशक कृष्णकांता शर्मा, जंतर-मंतर स्मारक अधीक्षक प्रतिभा यादव, अल्बर्ट हॉल संग्रहालय अधीक्षक महेंद्र कुमार निम्हल, उदयपुर वृत्त अधीक्षक हिमांशु सिंह, आमेर विकास एवं प्रबंधन प्राधिकरण के अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) आशीष गर्ग तथा अल्बर्ट हॉल संग्रहालय के संग्राध्यक्ष अक्षत जैन शामिल हैं।
अध्ययन भ्रमण के दौरान अधिकारी दिल्ली के विभिन्न प्रमुख संग्रहालयों का निरीक्षण करेंगे और वहां अपनाई जा रही आधुनिक तकनीकों, डिजिटल इंटरप्रिटेशन, विजिटर मैनेजमेंट, प्रदर्शनी व्यवस्था तथा संरक्षण मॉडल का गहन अध्ययन करेंगे। इन अनुभवों के आधार पर राजस्थान के संग्रहालयों और ऐतिहासिक स्मारकों में भी नवाचार और बेहतर सुविधाएं विकसित करने की कार्ययोजना तैयार की जाएगी। गौरतलब है कि इस संबंध में उप मुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री दिया कुमारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए थे।

Comment List