5 किलो की तिल्ली निकालकर SMS अस्पताल ने रचा इतिहास, गौशर रोग के दुर्लभ मामले में सफल सर्जरी
जांच के दौरान उसकी तिल्ली सामान्य से कई गुना बड़ी
जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने एक दुर्लभ और जटिल सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम देते हुए 19 वर्षीय मरीज की लगभग 5 किलोग्राम वजनी तिल्ली निकालकर नया कीर्तिमान स्थापित।
जयपुर। जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने एक दुर्लभ और जटिल सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम देते हुए 19 वर्षीय मरीज की लगभग 5 किलोग्राम वजनी तिल्ली निकालकर नया कीर्तिमान स्थापित किया। यह मामला गौशर रोग जैसे अनुवांशिक मेटाबॉलिक विकार से जुड़ा पाया गया, जिसमें शरीर में वसा का असामान्य संचय होने लगता है। मुख्य सर्जन डॉ. आर. जी. खंडेलवाल ने बताया कि मरीज लंबे समय से पेट में सूजन, अत्यधिक थकान और जल्दी पेट भरने जैसी समस्याओं से परेशान था।
जांच के दौरान उसकी तिल्ली सामान्य से कई गुना बड़ी पाई गई, जिसे मैसिव स्प्लेनोमेगली कहा जाता है। रक्त जांच में एनीमिया और प्लेटलेट्स की कमी भी सामने आई, जिसके बाद विस्तृत परीक्षण में गौशर रोग की पुष्टि हुई। डॉ. राजेन्द्र मंडिया के मार्गदर्शन में विशेषज्ञ टीम ने सफलतापूर्वक सर्जरी कर तिल्ली को निकाल दिया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, यह SMS अस्पताल का पहला ऐसा मामला है जिसमें गौशर रोग के साथ इतनी बड़ी तिल्ली की सर्जरी की गई। अब मरीज को एंजाइम रिप्लेसमेंट थेरेपी (ERT) देने की तैयारी की जा रही है।

Comment List