पीएम सूर्यघर योजना के तहत 3 लाख से अधिक घरों में लगाए सोलर, नागर ने कहा- एआई और नवीकरणीय ऊर्जा के एकीकरण पर जोर
बिजली व्यवस्था में आएगी नई क्रांति
जयपुर। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि विद्युत वितरण निगमों को वित्तीय रूप से मजबूत, तकनीकी रूप से सक्षम और उपभोक्ता-केंद्रित बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। स्मार्ट मीटरिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और ऑटोमेशन के उपयोग से बिजली वितरण व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, दक्ष और विश्वसनीय बनाया जा रहा है। वे मंगलवार को जयपुर में ऊर्जा विभाग और इंडिया स्मार्ट ग्रिड फोरम की ओर से आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन डिस्ट्रीब्यूशन यूटिलिटी मीट-2026के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि राजस्थान में स्थापित सौर ऊर्जा क्षमता करीब 45 गीगावाट और कुल अक्षय ऊर्जा क्षमता 52 गीगावाट तक पहुंच गई है।
पीएम सूर्यघर योजना के तहत 3.55 लाख से अधिक घरों में रूफटॉप सोलर लगाए जा चुके हैं। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने कहा कि ऊर्जा क्षेत्र सुधार 2.0 के तहत डिजिटल तकनीक, एआई और नवीकरणीय ऊर्जा के एकीकरण पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने बैटरी ऊर्जा भंडारण, ग्रिड आधुनिकीकरण और उपभोक्ता सेवाओं में सुधार को जरूरी बताया। ऊर्जा मंत्री ने बताया कि जयपुर डिस्कॉम ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में 931 करोड़ रुपए का लाभ अर्जित किया है। सम्मेलन में देशभर के विशेषज्ञ वित्तीय सुधार, स्मार्ट मीटर, साइबर सुरक्षा और बढ़ती बिजली मांग के प्रबंधन पर चर्चा कर रहे हैं।

Comment List