तेज रफ्तार थार ने स्कूटी को मारी टक्कर : डेयरी संचालन की मौत, बिना नंबर की थार की तलाश
पीछे से मारी टक्कर
जयपुर। सांगानेर इलाके में शनिवार सुबह तेज रफ्तार थार की टक्कर से स्कूटी सवार व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे के बाद थार चालक मौके से फरार हो गया। घटना का CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें ब्लैक कलर की थार स्कूटी को पीछे से टक्कर मारती दिखाई दे रही है। पुलिस ने हिट एंड रन का मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पीछे से मारी टक्कर
पुलिस ने बताया कि हादसे में सांगानेर के बुद्धसिंहपुरा निवासी नवल शर्मा की मौत हो गई। नवल शर्मा शनिवार सुबह करीब 6 बजे स्कूटी से अपनी दूध डेयरी पर काम के लिए निकले थे। वे चीलगाड़ी रेस्टोरेंट से कुछ दूरी पर स्थित हनुमान मंदिर के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आई थार ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
CCTV में कैद हुई ब्लैक थार
घटनास्थल पर लगे CCTV कैमरे में ब्लैक कलर की थार स्कूटी को पीछे से टक्कर मारते नजर आ रही है। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
बिना नंबर की थार की तलाश
हिट एंड रन मामले में फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस ने दो टीमें गठित की हैं। पुलिस बिना नंबर की थार की तलाश में रूट चार्ट तैयार कर आसपास के क्षेत्रों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस आरोपी चालक और वाहन की पहचान करने का प्रयासस कर रही है।

Comment List