शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्ती : 2 दिन में 189 वाहन जब्त, न्यायालय भेजे जा रहे प्रकरण
लाइसेंस निलंबित कराने के लिए परिवहन विभाग को भेजेंगे प्रस्ताव
जयपुर। शहर में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जयपुर यातायात पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत सप्ताहांत में दो दिन के दौरान 189 कार्रवाई कर संबंधित वाहनों को जब्त किया गया।
पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त यातायात एवं प्रशासन प्रदीप मोहन शर्मा के निर्देशन में डीसीपी यातायात प्रवीण नायक नूनावत के नेतृत्व में यह अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस की ओर से शराब पीकर वाहन चलाने और यातायात नियमों का उल्लंघन कर दूसरों की जान जोखिम में डालने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए वाहन चालकों के मामलों में इस्तगासे संबंधित न्यायालयों में भेजे जा रहे हैं। साथ ही, इनके ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित कराने के लिए परिवहन विभाग को प्रस्ताव भेजे जाएंगे।
पुलिस की अपील :
यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि शराब का सेवन करने के बाद किसी भी परिस्थिति में वाहन नहीं चलाएं। शराब पीकर वाहन चलाने से चालक के साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

Comment List