उत्तर पश्चिम रेलवे में 250 किमी पर कवच लगाने का लक्ष्य, कानोता-बांदीकुई के 67 किमी रेलखंड पर स्टैंडर्ड कवच कमीशन
बांदीकुई-बसवा में 63 किमी का सफल ट्रायल
जयपुर। रेल परिचालन को अधिक सुरक्षित बनाने की दिशा में उत्तर पश्चिम रेलवे ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। जयपुर मंडल के कानोता-बांदीकुई 67 किलोमीटर रेलखंड पर स्टैंडर्ड कवच प्रणाली को सफलतापूर्वक कमीशन कर दिया गया है। यह उत्तर पश्चिम रेलवे का पहला रेलखंड है, जहां स्टैंडर्ड कवच प्रणाली चालू हुई है।महाप्रबंधक पंकज शर्मा के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में बांदीकुई-बसवा रेलखंड के 63 किलोमीटर क्षेत्र में भी कवच प्रणाली का सफल ट्रायल किया गया।
7 ब्लॉक सेक्शन शामिल
कानोता-बांदीकुई रेलखंड पर कवच प्रणाली में ये ब्लॉक सेक्शन शामिल हैं। इसमें कानौता-बस्सी, बस्सी-झर, झर-जटवाड़ा, जटवाड़ा-दौसा, दौसा-भांकरी, भांकरी- अरनिया, अरनिया-बांदीकुई शामिल हैं। विभिन्न स्थितियों में परीक्षण कवच प्रणाली की फील्ड इंस्टॉलेशन के सत्यापन के बाद फील्ड ट्रायल और सेट का परीक्षण सफलतापूर्वक किया गया। इस दौरान संरक्षा की दृष्टि से विभिन्न स्थितियों में प्रणाली को परखा गया।
चालू वित्त वर्ष का लक्ष्य
उत्तर पश्चिम रेलवे ने चालू वित्तीय वर्ष में लगभग 250 किलोमीटर रेलखंड पर कवच प्रणाली स्थापित करने का लक्ष्य रखा है। इन प्रयासों से रेल परिचालन की संरक्षा और सुदृढ़ होगी तथा यात्रियों को सुरक्षित व भरोसेमंद रेल यात्रा का लाभ मिलेगा।
फैक्ट फाइल
-पहला रेलखंड: कानौता-बांदीकुई (67 किमी), स्टैंडर्ड कवच कमीशन
-ट्रायल: बांदीकुई-बसवा, 63 किमी
-ब्लॉक सेक्शन: 7
-चालू वित्त वर्ष का लक्ष्य: करीब 250 किमी

Comment List