शिक्षक राष्ट्र निर्माण के शिल्पकार, भावी पीढ़ी के मार्गदर्शक : शिक्षक दिवस पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुजनों को दी शुभकामनाएं
जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं
जयपुर। शिक्षक दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने महान शिक्षाविद्, भारत रत्न एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को उनकी जयंती पर नमन करते हुए प्रदेशवासियों एवं सभी गुरुजनों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गुरुओं से प्राप्त ज्ञान और संस्कार ही जीवन को सही दिशा प्रदान करते हैं। उनके आदर्शों को आत्मसात कर ज्ञान, संस्कार और कर्तव्यनिष्ठा से सशक्त समाज तथा विकसित राजस्थान-विकसित भारत के निर्माण में योगदान देना चाहिए। वहीं, राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने शिक्षक दिवस पर प्रदेश के सभी शिक्षकों एवं शिक्षाविदों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान प्रदान करने वाला नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के भविष्य को दिशा देने वाला मार्गदर्शक होता है। शिक्षक अपने ज्ञान, संस्कार और अनुभव से विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का निर्माण करते हैं तथा उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं।
देवनानी ने कहा कि भारत की गुरु-शिष्य परंपरा विश्व की समृद्ध परंपराओं में शामिल है। आधुनिक तकनीक के दौर में शिक्षकों की भूमिका और महत्वपूर्ण हो गई है। शिक्षा का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में नैतिक मूल्य, अनुशासन, संवेदनशीलता, नवाचार और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। उन्होंने शिक्षकों के समर्पण और योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।

Comment List