फ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा के लिए बैठक : गरीबी मुक्त गांव योजना में जयपुर प्रदेश में प्रथम, कलक्टर ने की ने अधिकारियों की सराहना
ऊर्जा विभाग ने राज्य स्तर से आवंटित लक्ष्यों को पूर्ण रूप से हासिल कर लिया
जिला कलेक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी की अध्यक्षता में फ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। अधिकारियों को योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए। बैठक में बताया गया कि आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन, स्वच्छ भारत मिशन शहरी और पंडित दीनदयाल गरीबी मुक्त गांव योजना में जयपुर जिले ने राज्य में प्रथम स्थान हासिल किया है।
जयपुर। केन्द्र एवं राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक मिले इसके लिए फ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा के लिए शनिवार को जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला कलक्टर डॉ. सोनी ने कहा कि सरकार की योजनाओं की आमजन तक पहुंच बने इसके लिए अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग कर रही है।
इस दौरान मुख्य आयोजना अधिकारी डॉ. सुदीप कुमावत ने बताया कि प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन के अंतर्गत क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल श्रेणी में जयपुर जिले ने राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। स्वच्छ भारत मिशन शहरी के अंतर्गत प्राइमरी कलेक्शन ऑफ सॉलिड वेस्ट तथा रिमूवल ऑफ जीवीपी में शत प्रतिशत उपलब्धि के साथ जिले ने राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। वहीं पंडित दीनदयाल उपाध्याय गरीबी मुक्त गांव योजना में भी जयपुर जिले ने राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
उन्होंने बताया कि बीस सूत्री कार्यक्रम के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग तथा ऊर्जा विभाग ने राज्य स्तर से आवंटित लक्ष्यों को पूर्ण रूप से हासिल कर लिया है। उन्होंने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री कुसुम योजना एवं संशोधित वितरण क्षेत्र योजना के अंतर्गत 33 केवी एवं 11 केवी फीडर के बिफरकेशन कार्य में जयपुर जिले ने राज्य के शीर्ष 5 जिलों में स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि पर जिला कलक्टर डॉ. सोनी ने अधिकारियों की सराहना करते हुए शेष लक्ष्यों को भी शीघ्र प्राप्त करने के निर्देश दिए।

Comment List