मॉर्निंग वॉक पर निकली बुजुर्ग महिला से चेन स्नैचिंग, हेलमेट पहनकर आया बदमाश फरार
जयपुर में बेखौफ बदमाश
जयपुर। मालवीय नगर थाना इलाके में शनिवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकली 76 वर्षीय बुजुर्ग महिला से चेन स्नैचिंग की वारदात सामने आई है। हेलमेट पहने बदमाश पैदल महिला के पीछे आया और झपट्टा मारकर गले से सोने की चेन तोड़कर मोटरसाइकिल से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, मालवीय नगर स्थित उषा कॉलोनी निवासी पवनचंद मुणोत ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी उर्मिला मुणोत शनिवार सुबह करीब 6 से 6:30 बजे के बीच पड़ोस की दो महिलाओं के साथ उषा कॉलोनी की सड़क पर मॉर्निंग वॉक कर रही थीं। इसी दौरान एक युवक, जिसने पास में अपनी मोटरसाइकिल खड़ी कर रखी थी और हेलमेट पहन रखा था, पैदल उनके पीछे आया।
उसने अचानक उर्मिला मुणोत के गले से सोने की चेन झपटकर तोड़ ली और तुरंत मोटरसाइकिल से फरार हो गया। महिला और उनके साथ मौजूद दोनों महिलाओं ने आरोपी का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन वह तेजी से भाग निकला। हेलमेट पहने होने और जल्दबाजी में फरार होने के कारण उसका मोटरसाइकिल नंबर भी नहीं देखा जा सका। मालवीय नगर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

Comment List