निकाय चुनाव : अधिसूचना जारी होने के साथ ही शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया, रिटर्निंग अधिकारी के कार्यालय में स्वीकार किए जाएंगे नामांकन
प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह किए जाएंगे आवंटित
जयपुर। राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव के लिए गुरुवार को अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू होगी। यह अधिसूचना राज्य निर्वाचन आयोग जारी करेगा। राज्य में 309 नगरीय निकायों के 10245 वार्डों के पार्षदों के लिए चुनाव 2 चरणों में होंगे। प्रदेश में 10 नगर निगमों के 1920 वार्डों, 47 नगर परिषदों के 2775 वार्डों, और 252 नगर पालिकाओं के 5550 वार्डों में चुनाव होंगे। इन निकायों में मतदान 9 और 11 सितंबर को होगा। मतगणना 14 सितंबर को होगी।
सभी निकायों के लिए नामांकन 27 से 31 अगस्त तक दाखिल किए जा सकेंगे, लेकिन 28 अगस्त और 30 अगस्त को अवकाश होने के कारण नामांकन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। नामांकन पत्र सुबह 10.30 बजे से अपराह्न 3 बजे तक रिटर्निंग अधिकारी के कार्यालय में स्वीकार किए जाएंगे। एक सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 3 सितंबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। चार सितंबर को प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।

Comment List