खातीपुरा मोड़-सिरसी रोड पर अजमेर रोड बाइपास तक लगता है जाम, हादसों का बढ़ रहा खतरा
ट्रैफिक लाइट लगाने के बजाय कट ही कर दिया बंद
जयपुर। शहर में यातायात जाम के नाम पर जेडीए और यातायात पुलिस मनमानी करते हुए रोड कट बंद करने की मुहिम में लगा हुआ है, जबकि मौके पर जो कट बंद होने चाहिए उनको बंद नहीं कर मुख्य मार्गों के रोड कट बंद करने में लगा हुआ है। इससे आमजन को परेशानी उठाने के साथ ही छोटे कटों पर दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ गई है।
ट्रैफिक लाइट लगाने के बजाय कट ही कर दिया बंद
करीब सौ फीट चौड़े मुख्य जनक मार्ग पर ट्रैफिक लाइट लगाने के स्थान पर रोड कट ही बंद कर दिया, इससे आस-पास के हजारों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आगे वाले यूटर्न पर जाम के हालात बन गए। इस मार्ग पर रोड कट को खोलकर यहां ट्रैफिक लाइट लगाने और यातायात कर्मी तैनात कर यातायात व्यवस्था में सुधार लाया जा सकता है।
स्थानीय निवासी राजेश राजपूत ने बताया कि जनक मार्ग इस क्षेत्र का मुख्य रास्ता है, जहां हनुमान नगर एक्सटेंशन के साथ ही खातीपुरा की ओर आने जाने लोगों को सुगम राह मिलती है, लेकिन प्रशासन ने इस कट को बंद कर दिया जबकि यहां ट्रैफिक लाइट लगाकर यातायात को सुव्यवस्थित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आॅफिसर्स कैपस के लिए प्रत्येक गली पर छोटे-छोटे कट भी खुले हुए है। रोड कटों की संख्या अधिक होने से वाहन चालक अपनी सुविधा के अनुसार कहीं से भी सड़क पार करते हैंए जिससे यातायात अनुशासन प्रभावित होता है। इस रोड पर बशिष्ठ मार्ग पर भी ट्रेफिक लाईट लगी हुई जिससे यातायात व्यवस्था रहता है।
बंद करने थे छोटे कट, लेकिन कर दिया बड़ा
खातीपुरा मोड़ से सिरसी रोड पर अजमेर रोड बाइपास तक करीब डेढ़ किलोमीटर के मार्ग पर जगह-जगह बने रोड कट यातायात व्यवस्था के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। इस छोटे से हिस्से में करीब नौ रोड कट हैं। इनमें कई कट बेहद कम दूरी पर हैं। अजमेर रोड बाईपास के पास तो महज 20 मीटर के दायरे में तीन कट बने हुए हैं। ऐसे में मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही के दौरान बार-बार कट से आने-जाने वाले वाहन यातायात की रफ्तार को प्रभावित कर रहे हैं। रोड कटों के कारण इस मार्ग पर कई बार वाहनों की कतार लग जाती है। मुख्य सड़क पर तेज गति से चलने वाले वाहनों के बीच अचानक कट से निकलने वाले वाहन दुर्घटना का कारण भी बन जाते है।
20 मीटर में तीन कट
खातीपुरा सिरसी मार्ग पर अजमेर रोड बाईपास की बत्ती के पास आनंद नगर के नजदीक करीब बीस मीटर में ही तीन कट बहुत नजदीक बने हुए है, जिनका वाहन चालकों को पता ही नहीं लग पाता है कि ट्रेफिक लाइट के बाद भी कोई वाहन चालक रोड कट से आ रहा है।
ऑफिसर कैंपस के रास्ते भी खुले
खातीपुरा सिरसी मार्ग पर स्थित ऑफिसर कैंपस कॉलोनी में लोगों के आवागमन के लिए कॉलोनी के प्रत्येक गेट के सामने रोड कट दिया हुआ है इससे वाहन चालकों को सुविधा के स्थान पर दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है। ऐसे में सभी कटों की समीक्षा कर मुख्य मार्गो के रोड कटों को खोलकर अन्य कटों को बंद करने की जरुरत है।
इनका कहना है...
जनक मार्ग पर रोड कट बंद करने का ट्रेफिक कंट्रोल बोर्ड मी मीटिंग में निर्णय लिया गया था। अभी इसे अस्थाई तौर पर बंद किया गया है और यातायात सर्वे के बाद इस पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
- नागरमल, एक्सईएन जोन 7, जेडीए

Comment List