प्रदेश में गैस किल्लत नहीं : सप्ताह भर में सामान्य हो जाएंगे हालात, गोदारा ने कहा- कॉमर्शियल गैस सिलेण्डर की आपूर्ति भी जल्द होगी शुरू
परेशानी दूर करने के लिए जरूरत पड़ने पर अन्य शिथिलता भी दी जाएंगी
खाद्य मंत्री सुमित गोदारा ने कहा कि प्रदेश में घरेलू एलपीजी की कोई किल्लत नहीं है और 3–5 दिन में गैस डिलीवरी हो रही है। कॉमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति भी जल्द सामान्य होगी। उन्होंने कहा कि गैस और पेट्रोल-डीजल को लेकर कुछ लोग भ्रम फैला रहे हैं। हालात पर लगातार मॉनिटरिंग हो रही है और जल्द स्थिति पूरी तरह सामान्य होगी।
जयपुर। एलपीजी गैस किल्लत को लेकर खाद्य मंत्री सुमित गोदारा ने फिर से स्पष्ट किया है कि प्रदेश में घरेलू गैस की कोई किल्लत नहीं है। कॉमर्शियल गैस सिलेण्डर की आपूर्ति भी जल्द शुरू हो जाएगी। विश्व उपभोक्ता दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मीडिया से बात करते हुए गोदारा ने कहा कि प्रदेश में तीन से पांच दिन में बुकिंग की डिलेवरी दी जा रही है। कहीं भी गैस आपूर्ति बाधित नहीं है। कॉमर्शियल गैस सिलेण्डर को लेकर भी सरकार ने शिथिलता दी है। अगले कुछ दिनों में हम फिर से सिलेण्डर आपूर्ति की समीक्षा करेंगे। लोगों की परेशानी दूर करने के लिए जरूरत पड़ने पर अन्य शिथिलता भी दी जाएंगी।
गैस किल्लत और पेट्रोल डीजल को लेकर कुछ लोग और पार्टियां भ्रम फैला रही हैं। सीएनजी पंप पर पहले भी कतारें लगती रही हैं,लेकिन हम घरेलू उपभोक्ताओं को कोई परेशानी नहीं होने देंगे। गैस किल्लत को लेकर प्रदेश भर में मॉनिटरिंग की जा रही है। गैस एजेंसियों के हेल्पलाइन नंबर भी जारी कर दिए गए हैं। कॉमर्शियल सिलेण्डर को लेकर भी एसओपी जारी कर दी गई है। अगले 7 दिन में सामान्य हालात हो जाएंगे। कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर के मोदी को दिए बयान पर कहा कि उन्हें कांग्रेस भी गंभीरता से नहीं ले रही, इसलिए उनके बारे में कुछ भी कहना समय की बर्बादी है।

Comment List