एंट्रेंस एग्जाम के दौरान बिजली गुल : अभ्यर्थियों के सिस्टम अचानक बंद, 49 अभ्यर्थियों की दोबारा होगी परीक्षा
कई अभ्यर्थियों के कंप्यूटर बंद हो गए
जयपुर। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की ओर से शनिवार को आयोजित आयुर्वेदिक पीजी एंट्रेंस एग्जाम के दौरान जयपुर के एक परीक्षा केंद्र पर तकनीकी गड़बड़ी से हंगामा हो गया। कंप्यूटर बेस्ड परीक्षा के दौरान ट्रांसपोर्ट नगर स्थित सत्य साईं पीजी कॉलेज में सुबह करीब 10:20 बजे अचानक बिजली चली गई, जिससे कई अभ्यर्थियों के कंप्यूटर बंद हो गए। परीक्षा देने पहुंचे अभ्यर्थियों ने बताया कि परीक्षा सुबह 10 से 12 बजे तक निर्धारित थी। परीक्षा शुरू होने के करीब 20 मिनट बाद कई अभ्यर्थियों के सिस्टम अचानक बंद हो गए। हमें बताया गया कि शॉर्ट सर्किट के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हुई है और जल्द बहाल हो जाएगी। अभ्यर्थियों का कहना है कि इस दौरान कुछ कंप्यूटर चलते रहे, जबकि कई परीक्षार्थी परीक्षा नहीं दे सके।
कुछ छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया कि तकनीकी समस्या के दौरान कुछ अभ्यर्थियों ने आपस में बातचीत की और कथित तौर पर अनुचित तरीके से परीक्षा देने की कोशिश की। उनका दावा है कि यह सब सेंटर के ऑब्जर्वर की मौजूदगी में हुआ, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसे लेकर अभ्यर्थियों ने परीक्षा केंद्र के बाहर विरोध जताया। मामले के बाद NTA ने पहली शिफ्ट में तकनीकी समस्या के कारण परीक्षा नहीं दे पाने वाले 49 अभ्यर्थियों की दोबारा परीक्षा एक सितंबर को कराने का फैसला किया है।

Comment List