चोरों ने सूने मकान को बनाया निशाना, ताला तोड़कर चुराए लाखों के जेवर
आलोक कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई
जयपुर। मालवीय नगर थाना इलाके में परिवार के गांव जाने के दौरान सूने मकान में चोरी हो गई। चोर मकान का मुख्य दरवाजा और अंदर अलमारी का ताला तोड़कर लाखों रुपए के जेवरात व नकदी चोरी कर ले गए। वारदात का पता परिवार के जयपुर लौटने पर चला। पुलिस के अनुसार सेक्टर-4, मालवीय नगर निवासी आलोक कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में बताया कि उनका पूरा परिवार 28 और 29 सितंबर को धौलपुर गया था।
इसके बाद 5 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे परिवार जयपुर लौटा। गाड़ी से सामान निकालकर जब उन्होंने मकान का मुख्य गेट खोला, तो अंदर पहले माले का मुख्य दरवाजा टूटा मिला। घर की तलाशी लेने पर मां के कमरे की अलमारी भी टूटी हुई थी और सामान व कपड़े बिखरे पड़े थे। अलमारी में रखे जेवरों के डिब्बे खुले मिले। दो लॉकरों में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी गायब थी। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मौके के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

Comment List